DniNews.Live

मंत्री बोले- 9 साल में यूपी ने किया कमाल:नितिन अग्रवाल ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड, लाभार्थियों को दी सौगात, खिले चेहरे

उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूरे होने पर शुक्रवार को शहर के आईटीआई ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने सरकार का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, विधायक योगेश वर्मा, विधायक विनोद शंकर अवस्थी, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। परिषदीय विद्यालय राजापुर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद प्रदेश सरकार की विकास पुस्तिका आमजन में वितरित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार और किसानों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। मंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हुई है और उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। सरकार प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, जिसकी मिसाल पूरे देश में दी जाती है। इस दौरान विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि नवनिर्माण के इन नौ वर्षों में प्रदेश विकास की मिसाल बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि जिले में भी विकास कार्य तेजी से हुए हैं, सड़कों का जाल बिछा है और स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि सरकार ने ‘अंत्योदय’ के मंत्र के साथ योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया है। विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने भी जनकल्याणकारी योजनाओं से आम लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आने की बात कही। लाभार्थियों को मिली सौगात कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने पांच लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड प्रदान किए और उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार आशा संगिनियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत पांच लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। इसके अलावा पारिवारिक लाभ योजना और वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए तथा मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पांच लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपी गईं। साथ ही 224 स्वयं सहायता समूहों को 3.36 करोड़ रुपये का सीसीएफ डेमो चेक और पांच किसानों को कृषि विभाग की ओर से मिनी किट भी वितरित की गई। विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई नौ दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को दर्शाया गया है, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है। इस अवसर पर भाजपा नेता आशु मिश्र, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता, पीडी एसएन चौरसिया, डीपीआरओ विशाल सिंह, डीसी एनआरएलएम जेके मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *