DniNews.Live

बनते ही उखड़ने लगी 23.64 करोड़ की सड़क:अलीगढ़ नगर आयुक्त ने फर्म पर लगाया 50 लाख का जुर्माना, डाला था अधिक पानी

​अलीगढ़ में सीएम ग्रिड्स (मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम) में लापरवाही बरतने पर निर्माण एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई की है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने दोदपुर में बन रही वर्ल्ड क्लास सड़क की घटिया गुणवत्ता देखकर 600 मीटर की बनी RCC सड़क को उखाड़कर नए सिरे से बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्य करने वाली फर्म मैसर्स एबी इंफ्राजोन प्राइवेट लिमिटेड पर 50 लाख का जुर्माना लगाया है। 15 दिन में काम नहीं हुआ तो FIR ​नगर आयुक्त ने दोदपुर-केला नगर चौराहे वाली सड़क के निरीक्षण के दौरान पाया कि 23.64 करोड़ रुपए की लागत से बन रही सड़क में जगह-जगह दरारें और गड्ढे पड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि ​सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के नमूनों की जांच IIT रुड़की से कराई जाएगी। ​यदि 15 दिन में सड़क दोबारा नहीं बनी, तो फर्म का अनुबंध निरस्त कर उसे ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। ​लापरवाही के लिए फर्म के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई जाएगी। न क्योरिंग हुई, न बैरिकेडिंग नगर आयुक्त शुक्रवार को टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें सड़क की हालत बेहद खराब मिली। निरीक्षण में सामने आया कि सड़क की कंक्रीट उखड़ने लगी थी और गिट्टियां बाहर दिख रही थीं। कंक्रीट के मिश्रण में पानी की मात्रा अधिक पाई गई और समय से पहले ही ट्रैफिक शुरू कर दिया गया। न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई और न ही कंक्रीट की क्योरिंग (तरावट) पर ध्यान दिया गया। विभाग ने जनवरी और फरवरी में 4 बार नोटिस जारी किए थे, लेकिन ठेकेदार ने सुधार नहीं किया। ​6 वार्डों को जोड़ती है यह सड़क ​यह परियोजना 1.830 किलोमीटर लंबी है, जो कृषि फार्म चुंगी से शुरू होकर केला नगर चौराहा होते हुए ख्वाजा गार्डन, दोदपुर तक जाती है। इससे वार्ड संख्या 49, 52, 55, 74, 75 और 81 की बड़ी आबादी जुड़ी है। लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि निरीक्षण में भारी खामियां मिलने पर फर्म पर जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पहले भी नोटिस जारी कर सही कार्य करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। बावजूद इसके ठेकेदार ने ध्यान नहीं दिया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *