DniNews.Live

चित्रकूट में जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र बांटे गए:विधायक ने कहा- 9 साल में बदली प्रदेश की तस्वीर, विकास पुस्तिका का विमोचन

चित्रकूट कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को ‘संकल्प से सिद्धि, सुरक्षा-सुशासन-समृद्धि उत्तर प्रदेश’ थीम पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, कार्ड, चेक और विभिन्न सामग्री वितरित की गई। मऊ मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, नगर पालिका परिषद कर्वी अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार के पिछले 9 वर्ष उपलब्धियों, सुशासन और विकास के नाम रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बदहाली से खुशहाली की ओर बढ़ा है। डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। विधायक ने बताया कि कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, निवेश, कृषि, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भी जिक्र किया, जिसके तहत जरूरतमंद बेटियों को एक लाख रुपए की सहायता दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, चित्रकूट में पर्यटन विकास को भी नई गति मिली है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 5 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। आयुष्मान भारत योजना के तहत 12 पात्रों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। 18 दिव्यांग छात्राओं को मोबाइल किट और दृष्टिबाधित उपकरण प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, पीएम स्वनिधि और पीएम सूर्य घर योजना के 10 लाभार्थियों को चेक दिए गए। राज्य कर विभाग ने सर्वाधिक टैक्स जमा करने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया। पशुपालन, ग्रामीण आजीविका मिशन और उद्यान विभाग से जुड़े लाभार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि शासन के निर्देश पर 26 मार्च तक ब्लॉक और जिला स्तर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अंत में जनप्रतिनिधियों और लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *