जौनपुर में जगदीशपुर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू:खेल मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने किया भूमि पूजन

जौनपुर में लंबे समय से प्रतीक्षित जगदीशपुर रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य रविवार को शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर इसका शुभारंभ किया। मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने कहा कि यह फ्लाईओवर जौनपुर नगर की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करेगा। उन्होंने बताया कि परियोजना को दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है, लेकिन कार्यदाई संस्था से बात कर इसे समय से पहले पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। यह फ्लाईओवर जगदीशपुर रेलवे क्रॉसिंग (किमी 826/3-4) पर सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) योजना के तहत बनेगा। इसकी कुल लंबाई 765.05 मीटर होगी, जिसमें 76.10 मीटर रेल पोर्शन का निर्माण किया जाएगा। परियोजना की स्वीकृत लागत ₹10889.13 लाख है, जिसमें से ₹7895.20 लाख का आवंटन प्राप्त हो चुका है। निर्माण कार्य जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वक्ताओं ने बताया कि इस ओवरब्रिज के निर्माण से नगर और आसपास के क्षेत्रों को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। वर्तमान में जगदीशपुर रेलवे क्रॉसिंग पर भारी वाहनों के आवागमन से अक्सर लंबा जाम लगता है, जिससे लोगों को असुविधा होती है। यह ओवरब्रिज वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के लिए सुगम यातायात सुनिश्चित करेगा। इससे जौनपुर नगर के साथ-साथ आजमगढ़, शाहगंज और बदलापुर जैसे आसपास के जिलों के लोगों को भी लाभ होगा। फ्लाईओवर के निर्माण से नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, प्रदूषण कम होगा और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य केदारनाथ सिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, पीयूष गुप्ता, आशीष गुप्ता, मनीष श्रीवास्तव, मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी कृष्ण कुमार जायसवाल, प्रतिनिधि अजय सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/A7T1z6w