DniNews.Live

शिक्षक ने परीक्षा के बीच सीएम योगी से की मुलाकात:अवकाश लेकर लखनऊ पहुंचे, फोटो सामने आने पर उठे सवाल

अयोध्या जिले के मिल्कीपुर शिक्षा क्षेत्र के मरुई गनेशपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय के सहायक अध्यापक अभिनव सिंह राजपूत की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में वह लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करते दिख रहे हैं। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी और भाजपा नेता सुशील मिश्रा भी मौजूद थे। यह मामला इसलिए चर्चा में है क्योंकि यह मुलाकात परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाओं और प्रधानाध्यापकों के आउट ऑफ स्कूल प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान हुई। एक शिक्षक का विद्यालय से अनुपस्थित रहकर राजनीतिक मुलाकात करना सवालों के घेरे में आ गया है। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्याम कुमार ने बताया कि अभिनव सिंह राजपूत ने 20 मार्च 2026 को आकस्मिक अवकाश लिया था। हालांकि, मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और अन्य शिक्षकों के बीच इस पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अभिनव सिंह राजपूत ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को अयोध्या के राम कथा पार्क में 11 और 12 अप्रैल 2026 को अभिनव भारत न्यास द्वारा आयोजित होने वाले ‘समुत्कर्ष समरस भारत महायज्ञ’ में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया। राजपूत ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया है। इस घटनाक्रम के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली और शिक्षकों की जिम्मेदारियों पर सवाल उठने लगे हैं। यह मामला फिलहाल जिले में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *