श्रावस्ती जिले में गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी है। कटाई से ठीक पहले शुक्रवार को हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश और तेज हवाओं के कारण कई खेतों में गेहूं की फसल गिर गई है। इससे कटाई में दिक्कतें आ सकती हैं, क्योंकि गिरी हुई फसल को कंबाइन मशीन से काटना मुश्किल होता है। किसानों को आशंका है कि यदि बारिश जारी रहती है, तो खड़ी फसल के दाने काले पड़ सकते हैं। इससे इस वर्ष की पैदावार और किसानों की आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। युवा किसान समीर रिज़वी ने बताया कि उन्होंने पूरे मौसम में फसल की देखभाल की है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि हल्की बारिश और हवा से कुछ फसल गिर गई है।एक अन्य किसान ने कहा कि बारिश से गेहूं के दाने काले पड़ने का खतरा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि बारिश अभी थम जाती है, तो नुकसान से बचा जा सकता है। फिलहाल जिले में अभी बारिश रुकी हुई है, लेकिन आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने रात में फिर से बारिश होने की संभावना जताई है। यदि रात में तेज बारिश होती है, तो खेतों में जलभराव अधिक हो सकता है, जिससे फसलों को अधिक नुकसान होने का खतरा बढ़ जाएगा। किसान अब बारिश बारिश नहीं होने और धूप निकलने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि खेतों में गिरी हुई फसल धीरे-धीरे सूख सके और वे कटाई की तैयारी कर सकें। हालांकि, मौसम साफ न होने और आगे बारिश की आशंका के कारण उनकी चिंता बनी हुई है।

Leave a Reply