नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय का 27वां दीक्षांत आज:राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 28 मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक, 735 को उपाधि दी

अयोध्या के आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का 27वां दीक्षांत समारोह आज रविवार को स्वर्ण जयंती मैदान में धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश की राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल कर रही है। वहीं, मुख्य अतिथि के तौर पर इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर, लीमा (पेरू) के वैज्ञानिक और डायरेक्टर जनरल साइमन हैक मौजूद है। कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख समारोह के वरिष्ठ अतिथि है। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकाय के 28 मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक और 735 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की गई। इसके अलावा, बाराबंकी, मऊ, जौनपुर, वाराणसी और अंबेडकर नगर के पांच प्रगतिशील किसानों को भी राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जा रहा है। ये किसान प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ शिक्षकों को भी राज्यपाल पुरस्कृत कर रही है। 27वें दीक्षांत समारोह के मुख्यअतिथि अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र (सीआईपी) के महानिदेशक साइमन हैक ने कृषि परिवर्तन पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि कृषि न केवल भोजन उपलब्ध कराती है, बल्कि गरीबी दूर करने और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी साधन है। जलवायु परिवर्तन और बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए कृषि में नवाचार, विविधता और संसाधन दक्षता की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2050 तक वैश्विक खाद्य उत्पादन में 50% वृद्धि जरूरी होगी, जिसके लिए कृषि में तकनीक और विज्ञान का समावेश अहम होगा। उन्होंने आलू, शकरकंद और अन्य जड़ व कंद फसलों की उपयोगिता पर विशेष बल दिया और कहा कि इनसे पोषण सुरक्षा व किसानों की आय दोनों में बढ़ोतरी संभव है। उत्तर प्रदेश की कृषि उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य देश के खाद्य उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान देता है और यहां के किसान तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ रहे हैं। उन्होंने यूपी सरकार की योजनाओं की सराहना की और बताया कि आगरा में सीआईपी का दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र स्थापित हो रहा है, जो आलू व शकरकंद अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय को इस साझेदारी का हिस्सा बनने का आमंत्रण भी दिया। समारोह सुबह 11 बजे से समारोह की शुरुआत सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुआ। इसे यादगार बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने जोरशोर से तैयारियां की हैं। समारोह का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राओं के परिजन और आमजन भी इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बन सकेंगे। शोभायात्रा से लेकर राष्ट्रगीत तक हुआ पूर्वाभ्यास समारोह से एक दिन पहले शनिवार को भव्य पूर्वाभ्यास किया गया। किसान भवन से स्वर्ण जयंती मैदान तक शैक्षणिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे माहौल को गरिमा मय बना दिया। इसके बाद जल भरो कार्यक्रम, कुलगीत और राष्ट्रगीत की रिहर्सल भी की गई। उपाधि वितरण और स्वर्ण पदक प्रदान करने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने समारोह का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और संकायाध्यक्षों ने छात्रों को उपाधि की शपथ दिलाई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन ने चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। परिसर सजकर तैयार, हर स्तर पर तैयारी पूरी विश्वविद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने खुद तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम को भव्य, गरिमा मय और अनुशासित बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/paKhNCO