DniNews.Live

‘जालौन में एलपीजी गैस की कमी नहीं’:डीएम ने अफवाहों का खंडन किया, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

जालौन जनपद में एलपीजी गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारु रूप से चल रही है। उरई के विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने गैस एजेंसियों, आपूर्ति विभाग के अधिकारियों तथा व्यापारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक में डीएम ने कहा कि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 35 गैस एजेंसियों के माध्यम से 3,52,748 घरेलू एवं 740 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में 9603 एलपीजी रिफिल और 611 कमर्शियल सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही एजेंसियों पर उपभोक्ताओं के लिए आवश्यक जानकारी, एडवाइजरी और पंपलेट प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि गैस बुकिंग प्रणाली सुचारु रहनी चाहिए और किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशान न किया जाए। प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और कड़ा करते हुए सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को गैस एजेंसियों के कार्यालयों व गोदामों का नियमित निरीक्षण करने तथा स्टॉक का प्रतिदिन सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने सख्त चेतावनी दी कि कालाबाजारी, जमाखोरी या गैस के डायवर्जन की शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी भरोसा दिलाया कि जनपद में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। वहीं व्यापारियों और उद्यमियों ने भी बताया कि घरेलू और कमर्शियल दोनों प्रकार के सिलेंडर आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पेट्रोल पंपों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *