DniNews.Live

केडीए टीम पर हमला, जेसीबी चालक घायल:अवैध कब्जा हटाने गई थी टीम, नामजद मुकदमा दर्ज

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की टीम पर हमला किया गया। टीम 19 मार्च को गणेशपुर रोड स्थित बजरंगी गैस एजेंसी के पास अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी, तभी कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। जोनल अधिकारी सुधांशु श्रीवास्तव द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, केडीए ने पहले ही ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया था। 27 फरवरी को कब्जा हटाने की तारीख तय की गई थी, लेकिन उस दिन केवल सांकेतिक कार्रवाई हुई। कब्जाधारियों ने दोबारा निर्माण शुरू कर दिया, जिसके बाद टीम 19 मार्च को फिर मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान, नामजद आरोपियों सहित 8-10 अज्ञात लोगों ने केडीए टीम का विरोध किया। आरोप है कि इन लोगों ने गाली-गलौज और धमकी देते हुए जेसीबी चालक पर ईंट-पत्थर तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और जेसीबी मशीन को भी नुकसान पहुंचा। इस मामले में राजा अजय चंदेल, रीता सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना, मोनू शुक्ला और अनुभव सिंह सहित कई अन्य लोगों को नामजद किया गया है। इन सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलता रहेगा। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि कानपुर विकास प्राधिकरण की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *