सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र स्थित चिल्हिया थाना तिराहे को अब ‘भगत सिंह चौक’ के नाम से जाना जाएगा। 20 मार्च को इस चौक के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। लगभग 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस चौक की आधारशिला अपना दल (एस) के विधायक विनय वर्मा ने रखी। भूमि पूजन कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी उपस्थित थे। विधायक विनय वर्मा ने बताया कि ‘भगत सिंह चौक’ का निर्माण उनकी विधायक निधि से किया जाएगा। इस चौक पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसे जयपुर से मंगाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, आकर्षक लाइटिंग और आधुनिक डिजाइन के साथ इसे एक दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। विधायक वर्मा ने कहा कि चिल्हिया तिराहा शोहरतगढ़ विधानसभा का प्रवेश द्वार है, जिसे भव्य और प्रेरणादायक स्वरूप देना आवश्यक था। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘भगत सिंह चौक’ केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि यह हमारे इतिहास, गौरव और युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक होगा। विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के सख्त निर्देश भी दिए।
विधायक और एसपी पर बुलडोजर से फूल बरसाए
इस दौरान कार्यक्रम को खास बनाने के लिए पांच बुलडोजरों ने प्रस्तावित भगत सिंह चौक स्थल को चारों ओर से घेर लिया और उसी के बीच विधायक विनय वर्मा, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन पर प्रतीकात्मक रूप से पुष्प वर्षा की गई। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा और पूरे आयोजन में उत्साह व उत्सव का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासी एवं युवा कवि अरुणेश विश्वकर्मा ने भी अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस तिराहे को भगत सिंह के नाम पर विकसित करने की मांग कर रहे थे, जो अब साकार होने जा रही है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह चौक आने वाली पीढ़ियों को देश के महान बलिदानियों की याद दिलाता रहेगा।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का जोरदार स्वागत किया और विधायक व प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उनका मानना है कि इस तरह के कार्य न केवल क्षेत्र की सुंदरता को बढ़ाते हैं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करते हैं।
भूमि पूजन के साथ ही ‘भगत सिंह चौक’ के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। आने वाले समय में यह चौक शोहरतगढ़ विधानसभा का प्रमुख आकर्षण बनकर उभरेगा और क्षेत्र के विकास की नई तस्वीर पेश करेगा।

Leave a Reply