तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत:भाजयुमो जिला मंत्री की चाची थीं, सेखुइया चौराहा जाते समय हादसा

बस्ती के रुधौली नगर पंचायत में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में गांधी नगर वार्ड निवासी नीलम जायसवाल (पत्नी सत्यनारायण जायसवाल) की मौत हो गई। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंत्री रवि जायसवाल की चाची थीं। जानकारी के अनुसार, नीलम जायसवाल अपने घर से किसी काम से सेखुइया चौराहा जा रही थीं। इसी दौरान बस्ती की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से बाइक चालक को हिरासत में ले लिया है और उसे थाने भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल और जायसवाल परिवार के घर पर जमा हो गए। परिवार में शोक का माहौल है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/LPwcuIS