मैनपुरी में मोटे अनाज (मिलेट्स) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह जिला मुख्यालय से जनपद स्तरीय मिलेट्स जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नेहा बंधु ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुज़रते हुए कृषि भवन तक पहुँची। इसमें बड़ी संख्या में किसान, कर्मचारी और विभागीय अधिकारी दोपहिया व चारपहिया वाहनों के साथ शामिल हुए। रैली के दौरान लोगों को मिलेट्स के लाभ और उनके उपयोग के बारे में जागरूक किया गया।
सीडीओ नेहा बंधु ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य मोटे अनाज के उत्पादन और खपत को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स किसानों के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। इसी दृष्टिकोण के साथ यह व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मिलेट्स को ‘श्री अन्न’ के नाम से भी जाना जाता है। इसमें रागी, सांवा और बाजरा जैसे अनाज शामिल हैं, जो प्राचीन काल में लोगों के आहार का प्रमुख हिस्सा थे। समय के साथ इनका उपयोग कम हो गया था। उन्होंने बताया कि ये अनाज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और विभिन्न बीमारियों से बचाव में सहायक हैं। सरकार इनकी खेती और उपयोग को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मिनी किट्स भी वितरित की जा रही हैं, जिससे वे आसानी से इनकी खेती शुरू कर सकें। रैली के माध्यम से किसानों से अपील की गई कि वे मिलेट्स की खेती अपनाकर अपनी आय बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य सुधार में भी योगदान दें। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply