विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला:पुलिस जांच में जुटी, पति मुंबई में, 3 साल पहले हुई थी शादी

श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र के दहावर कला में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए। पुलिस मामले की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। दहावर कला निवासी बाल गोविंद उर्फ मंगरे की शादी करीब तीन साल पहले बंटीहवा चौकी क्षेत्र के फुटहवा गांव की 22 वर्षीय गौरा देवी से हुई थी। शादी के बाद से ही बाल गोविंद मेहनत-मजदूरी के लिए मुंबई में रहता है। वह कुछ समय पहले गौरा देवी को मुंबई ले गया था, लेकिन बाद में उसे घर छोड़कर वापस मुंबई लौट गया था। विवाहिता गौरा देवी अपने कमरे में साड़ी के फंदे से पंखे से लटकी मिली। घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अखिलेश पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। उन्होंने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। क्षेत्राधिकारी भरत पासवान भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। परिजनों ने बताया कि मृतका का पति मुंबई में मजदूरी कर रहा है और उनके कोई बच्चे नहीं थे। मृतका के मायके पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/evENwTI