कानपुर की बड़ी ईदगाह, बेनाझावर में ईद की नमाज को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पिछले साल की तरह ईद की नमाज दो शिफ्टों में अदा की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे और दूसरी शिफ्ट 9:30 बजे होगी।
ईदगाह कमेटी ने अपील की है कि नमाजी ईदगाह के भीतर ही नमाज अदा करें, सड़क पर नमाज न पढ़ें और पहली शिफ्ट में शामिल होने वाले लोग समय से पहले पहुंच जाएं, ताकि व्यवस्था बनी रहे।
शनिवार को होने वाली नमाज को लेकर ईदगाह परिसर में साफ-सफाई, लाइट, पंखे और पानी की समुचित व्यवस्था की गई है। कमेटी के अनुसार, एक शिफ्ट में एक लाख से अधिक लोगों के नमाज अदा करने की संभावना है।
व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 250 वालंटियर तैनात किए गए हैं। ये वालंटियर मानव श्रृंखला बनाकर नमाजियों को ईदगाह के अंदर प्रवेश और बाहर निकलने में सहयोग करेंगे।
बड़ी ईदगाह के मुतवल्ली आयाज आलम जफर ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पहली शिफ्ट में नमाज अदा करना चाहते हैं, वे कम से कम एक घंटे पहले पहुंचें, क्योंकि सुबह 8 बजे के बाद बजरिया के पास लोगों को रोक दिया जाएगा। इसके बाद पहली शिफ्ट की नमाज पूरी होने के बाद ही दूसरी शिफ्ट के नमाजियों के लिए रास्ता खोला जाएगा, ताकि भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।

Leave a Reply