बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की ससुराल में छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। घटना खलील रोड के पास हुई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी ममता भारती ने बताया कि प्रदीप सिंह मध्य दिल्ली के पिलन जी कोटला, थाना मुबारकपुर मंडोली के निवासी थे। वह शाम को अपनी ससुराल खलीलपुरा, सीबीगंज आए थे और शराब के नशे में थे। पत्नी ने उन्हें खाना खिलाकर छत पर सोने के लिए भेज दिया था। इसी दौरान प्रदीप सिंह पेशाब करने के लिए छत के किनारे गए और संतुलन बिगड़ने से छज्जे से नीचे सड़क पर सिर के बल गिर गए। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सिंह को परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि प्रदीप सिंह की यह दूसरी शादी थी। उनकी पहली पत्नी का निधन हो चुका था, जिनसे उनका एक बेटा और एक बेटी हैं। ममता भारती के पहले पति का भी निधन हो चुका था और उनकी एक बेटी है। तीनों बच्चे साथ रहते हैं। ममता और प्रदीप की शादी को आठ साल हो चुके थे।

Leave a Reply