बहराइच में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने एक बाइक रैली निकाली। भारी बारिश के बावजूद, सैकड़ों महिला पुलिसकर्मियों ने भीगते हुए महिलाओं को सुरक्षा का संदेश दिया। इस रैली का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी ने किया। पुलिस अधीक्षक बहराइच आरएन सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने पुलिस लाइन से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा भी उपस्थित थे। रैली के दौरान मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण से संबंधित जागरूकता गीत और जिंगल प्रसारित किए गए। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था। रैली में पीआरवी वाहन और अन्य चार पहिया वाहनों के साथ 55 दोपहिया वाहन शामिल थे। इन वाहनों पर 180 से अधिक जागरूकता पोस्टर और बैनर प्रदर्शित किए गए। इनके माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। इनमें वीमेन पावर हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102 और एम्बुलेंस सेवा 108 शामिल हैं। बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे नारों के माध्यम से व्यापक जन जागरूकता फैलाई गई। आमजन को यह भी प्रेरित किया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें।

Leave a Reply