AAP सांसद संजय सिंह प्रयागराज से अयोध्या तक करेंगे पदयात्रा:कहा- यूपी में बढ़ रहा अन्याय; बुलडोजर, पेपर लीक और सामाजिक अन्याय सरकार पर निशाना
आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा और कई मुद्दों को उठाया। उन्होंने घोषणा की कि 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर प्रयागराज से अयोध्या तक पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा अयोध्या में समाप्त होगी। संजय सिंह ने कहा- इस यात्रा के जरिए सरकार की नीतियों से हो रहे सामाजिक अन्याय, भेदभाव और जनसमस्याओं को जनता के सामने रखा जाएगा। बुलडोजर कार्रवाई पर हमला संजय सिंह ने बरेली में हाल ही में हुई बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा- सुप्रीम कोर्ट भी साफ कर चुका है कि बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना किसी का घर गिराना कानून के खिलाफ है। लेकिन उत्तर प्रदेश में सरकार बुलडोजर का इस्तेमाल केवल मुसलमानों के घरों को निशाना बनाने के लिए कर रही है। उन्होंने इसे न्याय के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ बताया। उत्तर प्रदेश सामाजिक अन्याय का गढ़ संजय सिंह ने एनसीआरबी के आंकड़े सामने रखते हुए दावा किया कि प्रदेश में दलितों पर अत्याचार तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा- “उत्तर प्रदेश सामाजिक अन्याय का गढ़ बन चुका है। यहां दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव बढ़ता जा रहा है।” उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह समाज के कमजोर वर्गों की अनदेखी कर रहे है और यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। पेपर लीक पर भी सरकार को घेरा राज्यसभा सांसद ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा- प्रदेश में पेपर लीक आम बात बन चुकी है और इससे लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस पर सख्त कार्रवाई करे और युवाओं का विश्वास बहाल करे। धार्मिक विवादों पर प्रतिक्रिया धार्मिक नारों को लेकर हो रहे विवाद पर भी संजय सिंह ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा- “अगर कोई कहता है आई लव महादेव तो वह मंदिर जाकर पूजा कर सकता है। लेकिन आई लव मोहम्मद कहना उनके धर्म के मुताबिक ही नहीं है। ऐसे विवाद खड़े करना समाज को बांटने का प्रयास है और यह किसी भी तरह से उचित नहीं है। धार्मिक विश्वास प्रतियोगिता का विषय नहीं होना चाहिए।” पदयात्रा के जरिए जनता से जुड़ने की कोशिश संजय सिंह ने कहा- उनकी आगामी पदयात्रा का उद्देश्य जनता को जागरूक करना और उनके मुद्दों को सामने लाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में लोगों की आवाज बनकर अन्याय और भेदभाव के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/pSGVdEa
Leave a Reply