DniNews.Live

उन्नाव में बारिश से तापमान गिरा:कटी सरसों को लेकर किसान चिंतित, फसल नुकसान की आशंका

उन्नाव में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हुई। इस मौसमी बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, जिले का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से शुरू हुई हल्की से मध्यम बारिश का असर शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में देखा गया। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया और बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल रही। बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस समय जिले में सरसों और गेहूं की फसल कटाई के दौर में है। कई किसानों ने सरसों की फसल काटकर खेतों में ही सुखाने के लिए छोड़ रखी थी, जिस पर बारिश का प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। किसानों का कहना है कि लगातार बारिश होने से कटी हुई फसल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। जिला कृषि अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि फिलहाल हुई बारिश से खड़ी फसलों को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि हल्की बारिश गेहूं की फसल के लिए कुछ हद तक लाभकारी हो सकती है। हालांकि, जिन किसानों की फसल खेतों में कटी पड़ी है, उन्हें सावधानी बरतने की आवश्यकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि मौसम साफ होते ही फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था करें। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखा गया है। आने वाले एक-दो दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने किसानों से मौसम पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *