DniNews.Live

घर के बाहर बैठी महिला को स्कॉर्पियों ने कुचला:शव सड़क पर रखकर जाम लगाया, पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम

देवरिया जिले के रुद्रपुर-पिढरा मार्ग पर जोगिया तिराहे के पास बुधवार शाम एक सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला गुच्ची देवी की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव गांव पहुंचने पर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार, पिढरा रोड किनारे झोपड़ी बनाकर रहने वाले सुनील डोम अपनी पत्नी गुच्ची देवी के साथ घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। काफी देर की मशक्कत के बाद यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि स्कार्पियो को एक पेट्रोल पंप पर खड़ा किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *