संतकबीरनगर जिले में एक सड़क हादसे में पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र यादव की मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार सुबह खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के मगहर में नेशनल हाईवे पर हुआ। ट्रक की ठोकर से एक नई कंबाइन मशीन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई, जिसमें मशीन मालिक देवेंद्र यादव की जान चली गई। ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। गोरखपुर जनपद के जद्दूपुर गांव के ग्राम प्रधान और ब्रह्मपुर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख देवेंद्र यादव (50) पंजाब से नई कंबाइन मशीन खरीदकर ला रहे थे। संतकबीरनगर जिले में मगहर कबीर समाधि स्थल के पास हाईवे पर उनकी कंबाइन मशीन एक अज्ञात वाहन की टक्कर से अनियंत्रित हो गई। मशीन पुल के डिवाइडर से टकराई, रेलिंग तोड़कर उसका आधा हिस्सा पुल से नीचे लटक गया। इस हादसे में कंबाइन मालिक देवेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। कंबाइन ड्राइवर दिनेश राठौर (24), निवासी सोनपरी, थाना खुटार, जनपद शाहजहांपुर, और उसी गांव के खलासी सोनपाल कश्यप (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को संयुक्त जिला चिकित्सालय भेजा। जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी है। मृतक देवेंद्र यादव पुत्र छोटेलाल यादव थे। उनके परिवार में दो बेटे (18 वर्षीय सतीश यादव, 20 वर्षीय सुजीत यादव) और एक बेटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply