मोहाना थाना पुलिस और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने 20 मार्च शुक्रवार को ककरहवा बाजार में एक युवक को भारी मात्रा में नेपाली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक के पास से 4 लाख 50 हजार नेपाली रुपये बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई जिले में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। जानकारी के अनुसार, ककरहवा बाजार स्थित फसादीपुर मोड़ के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस और कस्टम की टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से भारी मात्रा में नेपाली मुद्रा मिली। युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान सूरज मौर्या पुत्र केशराम मौर्या निवासी दूल्हा दरमियांनि टोला रमजाननगर, थाना मोहाना के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला अवैध रूप से विदेशी मुद्रा के लेन-देन और तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है। बरामद नेपाली करेंसी को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया है, जहां मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी और अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply