पीलीभीत जनपद के कलीनगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हरदोई ब्रांच नहर से एक युवती का कंकाल बरामद हुआ। चित्तरपुर पुल के पास नहर में तैरते मिले इस कंकाल की पहचान 18 वर्षीय रोशनी के रूप में हुई है, जो पिछले 82 दिनों से लापता थी। जानकारी के अनुसार, कलीनगर निवासी रमेश राजपूत की पुत्री रोशनी (18 वर्ष) बीते 28 दिसंबर 2025 को परिजनों से कहासुनी के बाद घर से निकल गई थी। बताया जाता है कि वह सीधे चित्तरपुर पुल पहुंची और हरदोई ब्रांच नहर में छलांग लगा दी थी। उस समय परिजनों और स्थानीय प्रशासन ने युवती को बचाने और खोजने के लिए काफी प्रयास किए थे। गोताखोरों की मदद भी ली गई, लेकिन कई दिनों की तलाश के बाद भी रोशनी का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोग चित्तरपुर पुल के पास से गुजर रहे थे। तभी उन्हें नहर के किनारे झाड़ियों और पानी के बीच एक मानव कंकाल फंसा हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंकाल को नहर से बाहर निकलवाया। घटना की जानकारी मिलते ही रोशनी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। कंकाल के साथ मिले कपड़ों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पिता रमेश राजपूत और परिवार के अन्य सदस्यों ने अवशेषों की पहचान रोशनी के रूप में की। 82 दिनों तक पानी में रहने के कारण शरीर पूरी तरह गल चुका था और केवल हड्डियों का ढांचा ही शेष बचा था। थाना अध्यक्ष अशोक पाल ने बताया, “पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। इस मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”

Leave a Reply