DniNews.Live

विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप:उन्नाव में परिजनों ने गला घोंटकर मारने का आरोप लगाया, जांच जारी

उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार यह घटना रुपऊ गड़ार गांव की है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय माधुरी के रूप में हुई है, जो बाल केशन की पत्नी थी। परिजनों के अनुसार, माधुरी की शादी करीब ढाई साल पहले बाल केशन से हुई थी। शादी के बाद से ही उनके दांपत्य जीवन में विवाद होने की बात सामने आ रही है। माधुरी की डेढ़ साल की एक मासूम बेटी सृष्टि भी है। माधुरी के मायके पक्ष का आरोप है कि गुरुवार रात पति ने घरेलू विवाद के चलते माधुरी का दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। उनका दावा है कि आरोपी ने बाद में इस घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। परिजनों ने यह भी बताया कि उन्हें घटना की सूचना देर से दी गई, जिससे उनकी शंका और बढ़ गई। तत्काल गिरफ्तारी की मांग घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची माखी थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर जमा हुए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *