गोरखपुर में शुक्रवार सुबह से मौसम में साफ बदलाव देखने को मिला। आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने से धूप का असर कम हो गया। इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। पिछले कुछ दिनों से गोरखपुर में धूप तेज थी और गर्मी बढ़ रही थी। दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। लेकिन आज सुबह से ही मौसम बदला हुआ नजर आया, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई। पश्चिमी विक्षोभ का असर मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में यह बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि इसका असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 22 मार्च के बीच गोरखपुर में बारिश, आंधी और गरज-चमक हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश और कुछ जगहों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। तेज हवाओं को लेकर अलर्ट साथ ही 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है, खासकर खुले में काम करने वाले और बाइक चलाने वालों को। 21 और 22 मार्च को शहर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश से मौसम और ठंडा हो जाएगा। 23 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा और धीरे-धीरे फिर गर्मी बढ़ सकती है। तापमान में आई गिरावट तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। यह पहले के मुकाबले 3 से 5 डिग्री कम है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।

Leave a Reply