सिद्धार्थनगर में गांधी-शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम आयोजित:डीएम ने माल्यार्पण कर फल वितरित किए

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बुधवार को जनपद मुख्यालय पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रातः 9 बजे कलेक्ट्रेट भवन पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी शशांक शेखर राय, जिला आबकारी अधिकारी वीर अभिमन्यु कुमार सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कलेक्ट्रेट सभागार में श्रद्धांजलि कार्यक्रम ध्वजारोहण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी सहित कर्मचारियों और अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर दोनों महान विभूतियों को नमन किया। रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज के बच्चों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भावपूर्ण बना दिया। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार बनाकर आज़ादी की लड़ाई लड़ी और विश्व को भी यह सन्देश दिया कि बिना हिंसा के भी स्वतंत्रता प्राप्त की जा सकती है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने हरित क्रांति और श्वेत क्रांति की नींव रखकर किसानों व देश के विकास को नई दिशा दी।
उन्होंने कहा कि ‘जय जवान जय किसान’ का नारा आज भी उतना ही प्रासंगिक है, विशेषकर सिद्धार्थनगर जैसे कृषि प्रधान जिले के लिए। यहां 2.5 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना ही असली स्वतंत्रता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारें और टीम भावना से कार्य करें, जिससे आकांक्षी जनपद सिद्धार्थनगर अग्रणी जनपद की श्रेणी में आ सके। अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि गांधीजी ने अहिंसा को हथियार बनाकर पूरे राष्ट्र को एकजुट किया। उनका जीवन ईमानदारी और अनुशासन का आदर्श उदाहरण है। ईमानदारी में कठिनाइयां अवश्य आती हैं, लेकिन दीर्घकाल में सफलता उसी मार्ग से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए गांधी और शास्त्री के विचार प्रेरणास्रोत हैं और हमें इन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उपजिलाधिकारी शशांक शेखर राय और अधिवक्ता सत्यदेव सिंह ने गांधीजी और शास्त्रीजी के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन दोनों महान विभूतियों के सिद्धांतों से ही समाज और राष्ट्र का वास्तविक विकास संभव है। कार्यक्रम का संचालन प्रेमसागर चौधरी ने किया। अस्पताल में मरीजों को वितरित किए फल कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके झा के साथ जिला अस्पताल का भ्रमण किया। वहां भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने मरीजों से हालचाल भी जाना और अस्पताल प्रशासन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/2zVPR4y