DniNews.Live

विधायक रामचंद्र यादव बोले-ट्रॉमा सेंटर और संयुक्त अस्पताल बनना बाकी:रुदौली में 4 साल में ऐतिहासिक विकास किया, जनता चाह रही मुझे फिर टिकट मिले

अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा सीट से दो बार और रुदौली विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए रामचंद्र यादव ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल को विकास के लिहाज से ऐतिहासिक बताया है। रामचंद्र यादव ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय, आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना, क्षेत्र में सड़कों का चौड़ीकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, बिजली व्यवस्था में सुधार और धार्मिक स्थलों के विकास को वे अपनी सबसे बड़ी उपलब्धियों में हैं। विधायक का दावा है कि उनके कार्यकाल में रुदौली क्षेत्र में जितना विकास काम हुआ है, उतना पिछले कई वर्षों में कभी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि जनता ने उनके कामकाज पर भरोसा जताते हुए उन्हें 40,662 से अधिक मतों के अंतर से विजयी बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि कई ऐतिहासिक काम पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ योजनाओं के लिए शासन को प्रस्ताव भेजे गए हैं। पढ़िए सवाल-जवाब में रामचंद्र यादव का इंटरव्यू… सवाल: पिछले चार साल के कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब: रुदौली विधानसभा क्षेत्र की जनता की जो भी आवश्यकताएं थीं, उन्हें पूरा करने के लिए हमने लगातार काम किया है। योगी सरकार के इन नौ वर्षों में हमें विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में अभूतपूर्व सफलता मिली है। हालांकि अपने काम का मूल्यांकन स्वयं करना उचित नहीं होता। जनता ने हमें लगातार तीसरी बार मौका देकर हमारे काम का आकलन कर दिया है। 2022 के चुनाव में हमें सबसे बड़े अंतर से जीत दिलाकर जनता ने हमारे काम पर मुहर लगाई है। सवाल: अपने विधानसभा क्षेत्र में सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया? जवाब: रुदौली क्षेत्र में हमने कई महत्वपूर्ण कार्य कराए हैं। सबसे पहले अटल आवासीय विद्यालय की स्थापना कराई गई, जहां मजदूर और गरीब परिवारों के बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना कराई गई है, जिससे क्षेत्र ही नहीं बल्कि प्रदेश और देश के छात्रों को आयुर्वेद चिकित्सा की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही कामाख्या धाम के विकास, सैकड़ों सड़कों के चौड़ीकरण और नए निर्माण सहित कई विकास कार्य किए गए हैं। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जिसे आप अभी तक नहीं करा पाए? जवाब: रुदौली और आसपास के क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आवश्यकता ट्रामा सेंटर की है। लखनऊ–गोरखपुर और गोरखपुर लखनऊ मार्ग पर अक्सर गंभीर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इन्हें देखते हुए रुदौली में करीब 10 बीघा जमीन पर ट्रामा सेंटर बनाने की योजना बनाई गई है और जमीन भी ट्रांसफर कराई जा चुकी है, लेकिन अभी इसकी स्वीकृति नहीं मिल पाई है। इसके अलावा एक पुरानी पीएचसी को संयुक्त अस्पताल में अपग्रेड करने का प्रस्ताव भी भेजा गया है, लेकिन अभी मंजूरी नहीं मिली है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में ये दो महत्वपूर्ण कार्य अभी बाकी हैं, जिन्हें हम जल्द पूरा कराने का प्रयास कर रहे हैं। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं? जवाब: जब हम लगातार जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं तो हमारी जनता भी चाहती है कि हम फिर से उम्मीदवार बनें। पार्टी और जनता दोनों का समर्थन हमें मिलता रहा है। हम भी चाहते हैं कि जनता के बीच जाकर उनका आशीर्वाद लें और आगे भी सेवा का अवसर मिले। सवाल: रुदौली में कई भाजपा कार्यकर्ता भी अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि तलाश रहे हैं और टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में पार्टी आपको ही टिकट क्यों देगी? जवाब: जब मैं 2012 में पहली बार पार्टी का उम्मीदवार बना था, तब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने मुझे बुलाकर सर्वे के आधार पर टिकट दिया था। तब से लगातार भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार की योजनाओं को प्रदेश और क्षेत्र की जनता तक पहुंचाने का काम किया गया। 2017 में प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनी और विकास को गति मिली। मोदी और योगी सरकार ने विरासत और विकास दोनों को आगे बढ़ाया है। खासकर अयोध्या में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है। सवाल: आपके क्षेत्र में सामान्य वर्ग के मतदाता अधिक हैं और यूजीसी के नियमों को लेकर लोगों में नाराजगी की चर्चा है। जवाब: मैं इस पूरे विषय को गहराई से देख रहा हूं। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस मुद्दे को राजनीतिक रूप से उछालने का प्रयास कर रहे हैं। जब इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है तो यह मुद्दा वहीं रुक गया है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा सभी समाज के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। सवाल: आपके क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच गुटबाजी की चर्चा भी होती रहती है। जवाब: देखिए, हमारे यहां जब भी चुनाव या कोई महत्वपूर्ण समय आता है तो सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करते हैं। 2012 से 2017 तक समाजवादी पार्टी की सरकार के खिलाफ आंदोलन और संघर्ष का समय रहा हो या 2017 से अब तक का विकास का दौर, हर परिस्थिति में कार्यकर्ताओं ने मिलकर काम किया है। अगर कहीं संवाद की कमी होती है तो हम बातचीत के जरिए उसे दूर कर लेते हैं। हमारा प्रयास रहता है कि सभी कार्यकर्ता मिलकर पार्टी और क्षेत्र के विकास के लिए काम करें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *