हरियाणा में संघ संस्थापक हेडगेवार को भारत रत्न की मांग:PM मोदी को चिट्‌ठी भेजी; RSS को अनुशासित संगठन बताया, बोले-स्वयंसेवकों का सम्मान होगा

हरियाणा में संघ संस्थापक डॉ. बलिराम हेडगेवार को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग उठी है। इसको लेकर रेवाड़ी जिले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्‌ठी भी लिखी गई है। इस चिट्‌ठी में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) को एक अनुशासित संगठन बताया गया है। साथ ही लिखा है कि यदि ये मांग पूरी होती है तो देश के लाखों स्वयं सेवकों का सम्मान होगा। स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री से चिट्‌ठी में निवेदन किया है कि आपके नेतृत्व में डॉ. हेडगेवार को भारत रत्न से अलंकृत कर, राष्ट्र को उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करें। लिखा है कि स्वयं सेवक आशा करते हैं कि इस निवेदन पर आप गंभीरता से विचार करेंगे और निकट भविष्य में यह सपना साकार होगा। यहां पढ़िए चिट्‌ठी में क्या क्या लिखा… संगठन के जरिए अनुशासन सिखाया स्वयं सेवक डॉ. सतीश खोला ने बताया कि प्रधानमंत्री संबोधित चिट्‌ठी में लिखा है कि डॉ. हेडगेवार का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, सेवा और संगठन को समर्पित रहा है। उनका उद्देश्य केवल एक संगठन खड़ा करना नहीं था, बल्कि उस संगठन के माध्यम से राष्ट्र के हर नागरिक में अनुशासन, निष्ठा और त्याग की भावना जागृत करना था। आज यह सर्वविदित है कि आरएसएस के लाखों स्वयंसेवक देश के कोने-कोने में समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक आपदा राहत और सांस्कृतिक उत्थान के कार्यों में निरंतर सक्रिय हैं। यह सब डॉ. हेडगेवार की सोच और संकल्प का ही परिणाम है। लाखों स्वयं सेवक उनकी विचारधारा पर चल रहे सभी स्वयं सेवकों का मानना है कि जिस व्यक्ति की विचारधारा से प्रेरित होकर आज लाखों स्वयंसेवक निस्वार्थ भाव से राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं, उस महान पुरुष को देश की सर्वोच्च नागरिक उपाधि भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। यह केवल डॉ. हेडगेवार का ही नहीं, बल्कि उन सभी स्वयंसेवकों और राष्ट्रप्रेमियों का भी सम्मान होगा जो भारत माता की सेवा को सर्वोपरि मानते हैं। चिट्‌ठी में इन स्वयं सेवकों के नाम रेवाड़ी जिले के दर्जनों स्वयं सेवकों डॉ.सतीश खोला, डॉ. वी पी यादव, हुकम सिंह, सुनील ग्रोवर, वीरेंद्र चिल्लर, गणेश दत्त, महेंद्रपाल, राम सिंह, सुमित, जतिन सैनी, धीरज, सूर्यप्रकाश, डॉ.सौरभ यादव, संजय कुमार,विजय गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता आदि ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. बलिराम हेडगेवार को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मांग पत्र भेजा। मांग पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रेषित करते हुए भावपूर्ण आग्रह किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. बलिराम हेडगेवार को मरणोपरांत भारत रत्न प्रदान करने की कृपा की जाए।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/S2bXOqz