राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। उन्होंने 25 मिनट तक आध्यात्मिक चर्चा की। राष्ट्रपति शुक्रवार सुबह 7 बजे बारिश के बीच परिवार के साथ प्रेमानंदजी के आश्रम पहुंचीं। राष्ट्रपति ने संत को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। प्रेमानंद जी ने राधे-राधे कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। राष्ट्रपति का आश्रम के सेवादारों ने माला और चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। राष्ट्रपति ने संत को जन्मदिन की बधाई दी। प्रेमानंदजी का गुरुवार को जन्मदिन था। राष्ट्रपति यूपी के तीन दिन के दौरे पर हैं। आज दूसरे दिन वह बाबा नीम करौरी महाराज के आश्रम पहुंचेंगी और हनुमान जी के दर्शन करेंगी। वहां से रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल जाएंगी और पश्चिमी यूपी की सबसे आधुनिक कैंसर यूनिट का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति आध्यात्मिक चर्चा के दौरान भाव-विभोर नजर आईं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनकी बेटी इतिश्री मुर्मू, दामाद गणेश हेम्ब्रम और दोनों नातिनें आद्याश्री और नित्याश्री मौजूद थीं। केलीकुंज आश्रम में राष्ट्रपति और उनके परिवार के लिए कुर्सियां लगाई गई थीं। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति संत प्रेमानंद महाराज के साथ आध्यात्मिक चर्चा के दौरान भाव-विभोर नजर आईं। इस दौरान कुटिया में सिर्फ राष्ट्रपति, उनके परिजन और बाबा के करीबी शिष्य ही मौजूद रहे। राष्ट्रपति के पहले दिन के दौरे की बात करें तो उन्होंने गुरुवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन किए थे। दूसरे फ्लोर पर रामदरबार में राम यंत्र की स्थापना की थी। उन्होंने राम मंदिर परिसर का भी भ्रमण किया। योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति को मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम ने जन्म लिया था। इस पवित्र भूमि पर कदम रखना ही मेरे लिए सौभाग्य की बात है। शाम को वह अयोध्या से मथुरा पहुंचीं। इसके बाद शाम को इस्कॉन मंदिर गईं, जहां राधा-श्याम सुंदर का पूजन-अर्चन किया। उन्होंने मंदिर की साज-सजावट की खूब तारीफ की। इसके बाद इस्कॉन में बच्चों से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट दी। करीब आधा घंटा इस्कॉन में रुकने के बाद राष्ट्रपति ने प्रेम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। ——————————–

Leave a Reply