चंदौली में एक महिला पुलिसकर्मी के साथ बदतमीजी का मामला सामने आया है। घटना सदर कोतवाली के सीसीटीएनएस कक्ष में देर रात हुई, जब महिला पुलिसकर्मी अपने छोटे बच्चे को दूध पिला रही थी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला पुलिसकर्मी रात में अपने बच्चे को चादर ओढ़ाकर दूध पिला रही थी। इसी दौरान रात करीब दो बजे आरोपी सिपाही अमित कुमार सिंह वहां पहुंचा और चादर खींचने लगा। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया। यह पूरा मामला 17 मार्च की आधी रात के बाद का है। महिला पुलिसकर्मी सदर कोतवाली में मिशन शक्ति हेल्प डेस्क पर तैनात थी और अपने छोटे बच्चे के साथ ड्यूटी कर रही थी। बच्चे को भूख लगने पर वह उसे दूध पिलाने के लिए सीसीटीएनएस कक्ष में गई थी। सिपाही ने की अभद्रता पुलिस लाइन से क्वार्टर गार्ड की ड्यूटी खत्म होने के बाद सिपाही अमित कुमार सिंह सीसीटीएनएस कक्ष में पहुंचा और महिला पुलिसकर्मी से अभद्रता की। घटना के बाद अगले दिन थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज से आरोपी सिपाही की पहचान हुई। जनमानस और पुलिस में उठे सवाल महिला की तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। वहीं, लोगों में चर्चा है कि मिशन शक्ति के तहत अन्य महिलाओं को जागरूक करने वाले पुलिसकर्मी खुद ऐसे मामलों का शिकार हो रहे हैं।

Leave a Reply