DniNews.Live

मस्जिद के बाहर नहीं अदा की जाएगी नमाज:बुलंदशहर में धर्मगुरुओं ने शांति और भाईचारे के साथ ईद मनाने की अपील की

बुलंदशहर में ईद की नमाज मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाएगी। विभिन्न मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इस संबंध में अपील जारी की है। उन्होंने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने तथा देश की सलामती की दुआ करने का आग्रह किया है। ईद उल फितर का त्योहार 21 मार्च को मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और बाजारों में रौनक देखी जा रही है। पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई है। बुलंदशहर की ईदगाह रोड मस्जिद के इमाम मुफ्ती मोहम्मद आरिफ कासमी ने सभी को ईद उल फितर की मुबारकबाद दी। उन्होंने लोगों से सरकार की गाइडलाइंस का पालन करते हुए नमाज अदा करने की अपील की। गाइडलाइंस के अनुसार, नमाज मस्जिद के अंदर ही अदा की जानी है, सड़क पर नहीं। मुफ्ती कासमी ने लोगों से सड़क पर हुड़दंग न करने और बाइक पर दो से अधिक लोगों को न बैठने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि ईद पर खुशियों का इजहार शालीनता से करें और देश की सलामती, शांति तथा भाईचारे के लिए दुआ करें। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी मुस्लिम धर्मगुरुओं ने मस्जिद के अंदर ही नमाज अदा करने की अपील की है। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से ईद का त्योहार मनाने का आह्वान किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *