महामंडलेश्वर पूजा ने शोरूम मालिक की शूटर्स से हत्या कराई:अलीगढ़ में 3 लाख में हुई डील, पिता बोले- बेटे से शादी करना चाहती थी

अलीगढ़ में बाइक शोरूम मालिक अभिषेक की हत्या महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडेय और उसके पति ने कराई थी। पुलिस ने बुधवार को एक शूटर को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में उसने कबूला- कारोबारी अभिषेक को मारने के लिए पूजा के पति ने मुझे और मेरे दोस्त को सुपारी दी थी। सौदा 3 लाख रुपए में तय हुआ था। एक लाख रुपए मुझे एडवांस में दिए थे। अभिषेक के पिता का कहना है कि महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडेय ने मेरे बेटे अभिषेक को लव अफेयर में फंसा लिया। उसके साथ अनैतिक संबंध बनाए। इसके बाद वह शादी का दबाव बनाने लगी। वह हर दिन बेटे को फोन कॉल और वीडियो कॉल करती। अभिषेक ने जब शादी से इनकार कर दिया तो पूजा ने उसका मर्डर करा दिया। अब विस्तार से पढ़िए… पहले जानिए 26 सितंबर को अभिषेक की हत्या कैसे हुई थी? अभिषेक गुप्ता (25) हाथरस के सिकंदराराऊ के गांव कचौरा के रहने वाले थे। उन्होंने 25 अगस्त को अलीगढ़ के खैर में टीवीएस बाइक का शोरूम खोला था। उनके पिता नीरज गुप्ता आढ़त का काम करते थे। शुक्रवार, 26 सितंबर को अभिषेक के पिता नीरज और चचेरा भाई जीतू अलीगढ़ आए हुए थे। रात में शोरूम बंद करने के बाद तीनों अपने गांव के लिए निकले। खैर से वह रात करीब 9.30 बजे खेरेश्वर मंदिर चौराहे पहुंचे। यहां से हाथरस की बस में बैठ रहे थे। पिता नीरज और भाई जीतू बस में चढ़ गए थे। अभिषेक बस में चढ़ ही रहे थे कि पीछे से बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। उन्हें कई गोलियां लगीं। वह जमीन पर गिर गए। गोलियों की आवाज सुनकर बस में चीख-पुकार मच गई। लोग बस की सीट के नीचे छिपने लगे। कई लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। लोधा और रोरावर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ प्रथम एएसपी मयंक पाठक भी मौके पर पहुंचे और अभिषेक को अस्पताल भेजा, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। अब शूटर का कबूलनामा पढ़िए डेढ़ महीने पहले रची साजिश, 3 लाख में सौदा तय हुआ
पुलिस ने अभिषेक की हत्या मामले में गोंडा रोड नींवरी निवासी मोहम्मद फजल को बुधवार को अरेस्ट किया। पूछताछ में उसने बताया, कथित महामंडलेश्वर डॉ अन्नपूर्णा भारतीय उर्फ पूजा शकुन पांडेय और उसके पति अशोक पांडेय ने ही हत्या की साजिश रची थी। लगभग डेढ़ महीने आरोपी की दोनों से मुलाकात हुई थी और उन्होंने अभिषेक की फोटो दिखाकर उसे खत्म करने की बात कही थी। उसने बताया- मैं वेल्डिंग का काम करता हूं। मैं पूजा शकुन और उसके पति अशोक पांडेय को पिछले 7-8 साल से जानता हूं। डेढ़ महीने पहले मैं उनके घर पर वेल्डिंग का काम करने गया था। इसी दौरान मेरी दोनों से बात हुई। उन्होंने अभिषेक गुप्ता को मारने की बात कही। पहले मुझे लगा कि उसके हाथ-पैर तोड़ने हैं। फिर मैंने अपने गांव के ही आसिफ को इस मामले में शामिल किया। वह ही आरोपियों से बात करने गया। जहां सौदा 3 लाख रुपए में तय हुआ। अशोक पांडेय ने हम लोगों को एडवांस के तौर पर 1 लाख रुपए दिए। जिसमें 80 हजार मैंने अपने पास रख लिए। 20 हजार अपने साथी को दे दिए। 2 दिन रेकी की, फिर खेरेश्वर चौराहे पर सिर में मारी गोली
फजल ने बताया- पूजा और उसके पति ने मेरे साथी आसिफ को ही अभिषेक की फोटो दी थी। इसके बाद हम दोनों ने अभिषेक की 2 दिन तक रेकी की। पता चला कि अभिषेक हर रोज खैर में अपने पिता और चचेरे भाई के साथ एक होटल में खाना खाने जाता है। फिर हम दोनों ने उसे होटल में मारने का प्लान बनाया। 26 सितंबर को अभिषेक होटल पर जाने के बजाय बस में बैठकर खेरेश्वर चौराहा पहुंच गया। वह सिकंदराराऊ जाने वाली बस में चढ़ने जा रहा था। तभी हम दोनों उसके पास पहुंचे। आसिफ बाइक से नीचा उतरा और अभिषेक के सिर में तमंचे से गोली मार दी। इसके बाद हम दोनों बाइक से फरार हो गए। हत्या वाली रात पूजा के पति ने शूटर्स से 27 बार बात की
पुलिस ने आरोपी पूजा शकुन पांडेय और उसके पति अशोक पांडेय की कॉल डिटेल निकाली है। जिसमें सामने आया है कि अगस्त और सितंबर माह में दोनों शूटरों से पूजा और उसके पति अशोक की लगातार बात हो रही थी। अशोक ने अगस्त व सितंबर में कुल 27 बार बात की थी। वहीं पूजा की कुल 11 बार आरोपियों से कॉल पर बात हुई थी।
छोटे बेटे की शादी करवा दी, बड़े की होने नहीं दे रही थी
बुधवार को पिता नीरज ने बताया- अभिषेक मेरा बड़ा बेटा था। मैं पहले उसकी शादी करना चाहता था। मगर पूजा शकुन पांडेय ने रोक दिया। उसके कारण मुझे अपने छोटे बेटे की शादी पहले करनी पड़ी। 10 दिसंबर 2024 को मेरे छोटे बेटे आशीष की शादी हुई थी। इसमें पूजा शकुन पांडेय और उसका पति अशोक पांडेय भी शामिल हुआ था। इसके बाद पूजा शकुन लगातार अभिषेक पर अपने साथ रहने और शादी करने का दबाव बना रही थी। वह बेटे को अपने साथ अलीगढ़ में ही रखती थी। घर नहीं आने देती थी। जब बेटा शादी से मना करता तो वह उसे धमकी देती थी। अभिषेक ने परेशान होकर नंबर कर दिया था ब्लॉक
पिता ने बताया- मेरा बेटा उससे परेशान हो गया था। उसके घर जाना बंद कर दिया और उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इसके बाद बेटे अभिषेक ने बाइक शोरूम खोला था। पूजा शादी का दबाव बना रही है ये बात बेटे ने अपनी मां को बताई थी। उन्होंने शादी के कुछ फोटो और वीडियो भी दिखाए। इसमें पूजा शकुन पांडेय अभिषेक के साथ डांस करती नजर आ रही है। ऐसे वीडियो और फोटो परिवार के लोगों ने पुलिस को सौंपे हैं। पूजा शकुन पांडेय ने 2017 को संन्यास ले लिया था और वह महामंडलेश्वर बनी थी। जिसके बाद उनका नाम भी पूजा शकुन से बदलकर अन्नपूर्णा भारती हो गया था। पूजा महामंडलेश्वर का पद और संन्यास होने के बाद भी पूजा शकुन पांडेय एक सामान्य महिला की तरह शृंगार करके विवाह में पहुंचती थी। पूजा शकुन की तलाश में दबिश जारी
एसएसपी नीरज जादौन ने बताया, अभिषेक की पूजा शकुन पांडेय और अशोक पांडेय से काफी नजदीकियां थी। दोनों पक्षों में किस बात को लेकर विवाद था, यह पूजा शकुन की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस की लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हैं। गोली चलाने वाला आरोपी फजल और पूजा शकुन जल्दी ही पुलिस की हिरासत में होगी। पुलिस की तीन टीमें गोली चलाने वाले आरोपी आसिफ और फरार आरोपी पूजा शकुन की तलाश कर रही हैं। ………………….. ये खबर भी पढ़िए- IIT कानपुर के सॉफ्टवेयर डेवलपर ने सुसाइड किया:दरवाजा तोड़कर निकाला शव; नोट में लिखा- मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना IIT कानपुर के सॉफ्टवेयर डेवलपर ने सोमवार को सुसाइड कर लिया। उसने कमरे में फांसी का फंदा बनाकर जान दे दी। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें लिखा- ‘मैं पढ़ नहीं पा रहा हूं, फेल्योर महसूस कर रहा हूं। मैं शराब नहीं पीता, इसके अलावा कोई गलत काम नहीं करता हूं। मम्मी, पापा मुझे माफ कर देना।’ पढ़ें पूरी खबर…

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/pnuZxqU