संभल में मध्यरात्रि में हुई बूंदाबांदी के बाद मौसम में बदलाव आया है। इससे वातावरण में सुधार हुआ और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 78 दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार सुबह 7 बजे संभल का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दूसरे दिन भी मध्यरात्रि में शहरी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। सुबह 7:30 बजे 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ फिर बूंदाबांदी शुरू हुई। विभाग के अनुसार, दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक तेज आंधी चल सकती है और देर रात बारिश की संभावना है। दिनभर मौसम मिलाजुला रहेगा, जिसमें सूरज बादलों के बीच छिपा रहेगा। आज अलविदा जुमे की नमाज है और कल ईद का त्यौहार है उससे पहले बारिश होने के कारण मौसम खुशनुमा हो गया है। 3 तस्वीरें देखिए… बदलते मौसम के साथ सुबह-शाम ठंडक का एहसास फिर से बढ़ गया है। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव जलाना शुरू कर दिया है। इस ठंडक का असर आम जनमानस के स्वास्थ्य पर भी दिख रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। परिवहन सेवाओं पर भी मौसम का असर पड़ा है। चंदौसी जंक्शन से लखनऊ जाने वाली सभी ट्रेनें और बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन निर्धारित समय पर चल रही हैं। हातिमसराय संभल रेलवे स्टेशन से बिलारी, राजा का सहसपुर होते हुए मुरादाबाद जाने वाली डेमो ट्रेन भी सामान्य रूप से चल रही है। हालांकि, मौसम बदलने के बाद रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में कमी आई है। स्थानीय निवासियों ने मौसम में अचानक आए इस बदलाव पर चिंता व्यक्त की है।

Leave a Reply