दबंगों ने महिलाओं पर धारदार हथियार से किया हमला:6 महिला घायल, पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप
मैनपुरी में दबंगों ने सोते समय एक परिवार की 6 महिलाओं पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित परिवार ने कुर्रा पुलिस पर सुनवाई न करने और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। मामला कुर्रा थाना क्षेत्र के सौज गांव का है। यह घटना 27 सितंबर 2025 को सुबह 4 बजे हुई, जब आरोपी कथित तौर पर पीड़ित परिवार के घर में घुस आए। उन्होंने जान से मारने की नीयत से महिलाओं पर हमला किया। हमले में घायल हुई कुछ महिलाओं का इलाज सैफई अस्पताल में चल रहा है, जबकि तीन अन्य को पुलिस द्वारा पीजीआई में भर्ती कराया गया है। घायल महिलाओं में नूर जहां पत्नी इसरार खी, चांदनी पत्नी मुदीन खां, सोनी पत्नी जाकिर हुसैन, मदीना बेगम पत्नी इलियास खां और जलीसा बेगम पत्नी फरियाद अली शामिल हैं। नूर जहां, चांदनी और सोनी की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित परिवार ने गांव के ही आशिक अली, आराम अली, वकील अली (पुत्रगण शरीफ अली), साजिया अली, सलमान (पुत्रगण आशिक अली), शकील अली, अकील अली, अजमेर (पुत्रगण आराम अली) और अल्ताब अली (पुत्र वकील अली) सहित अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। घायल महिलाओं ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि पुलिस दबंगों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है, जबकि आरोपी आए दिन उनके परिजनों को परेशान करते और पीटते रहते हैं। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/NtMxpRy
Leave a Reply