गोरखपुर में बृहस्पतिवार को डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब तिरुवनंतपुरम से गोरखपुर आ रही राप्तीसागर एक्सप्रेस की एक बोगी के ऊपर एक युवक चढ़कर बैठ गया। यह घटना करीब शाम 4 बजे के आसपास की बताई जा रही है। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में अचानक हड़कंप मच गया। कई यात्री अपनी सीट छोड़कर नीचे उतर आए और प्लेटफॉर्म पर इधर-उधर भागने लगे। वहीं कुछ लोग इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाते दिखाई दिए। देखिए 2 तस्वीरें अचानक बोगी के ऊपर चढ़ गया युवक जानकारी के अनुसार, जब राप्तीसागर एक्सप्रेस डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची, उसी दौरान ट्रेन में सफर कर रहा एक युवक अचानक बोगी के ऊपर चढ़ गया और वहीं बैठ गया। उसे देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई। ऊपर बिजली के तार चालू होने से बढ़ा खतरा सबसे ज्यादा चिंता की बात यह थी कि ट्रेन के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन में उस समय पावर सप्लाई चालू थी। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना गोरखपुर आरपीएफ को दी। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद कराई, ताकि युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। आरपीएफ और जीआरपी ने मिलकर बचाई जान सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और काफी समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान ट्रेन लगभग 45 मिनट तक प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही। घटना के दौरान कई लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी शेयर किए जाने लगे। समय रहते टला बड़ा हादसा इस मामले में आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक दसरथ प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पूरी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद कराई गई और उसके बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी घटना होने से बच गई। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं, भाई ने दी जानकारी आरपीएफ के अनुसार, जब युवक के भाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वे लोग सीतामढ़ी जाने के लिए सफर कर रहे थे। उसके भाई की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है, जिसकी वजह से उसने ऐसा कदम उठा लिया। बाद में आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने युवक को सुरक्षित उसके भाई के सौंप दिया। प्लेटफॉर्म पर देर तक चर्चा का विषय बनी घटना यह घटना काफी देर तक स्टेशन पर चर्चा का विषय बनी रही। लोग इस बात को लेकर हैरान थे कि युवक इतनी आसानी से ट्रेन की बोगी के ऊपर कैसे चढ़ गया। हालांकि रेलवे पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा होने से बच गया।

Leave a Reply