DniNews.Live

जालौन में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, घटना CCTV में कैद:कार सवार बदमाशों ने घर के बाहर मारी गोली, हालत गंभीर

जालौन में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात कार सवार बदमाशों ने घर के बाहर खड़े एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना उरई कोतवाली क्षेत्र के नया पटेल नगर, जालौन रोड की है। यहां के निवासी अवधेश कुमार सिंह पर उस समय हमला किया गया। जब वह त्रयोदशी भोज से लौटकर अपने घर के बाहर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले से घात लगाए बदमाशों ने पीछे से अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली अवधेश के पैर और कमर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े।
फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग और आसपास के निवासी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कार से फरार हो गए। हालांकि, पास में लगे सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में एक बदमाश हाथ में हथियार लेकर फायरिंग करता हुआ नजर आ रहा है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *