आंगनबाड़ी केंद्रों पर कन्या पूजन उत्सव:मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजन, बच्चों को दिए गए गिफ्ट

हरदोई में मिशन शक्ति अभियान 2025 के तहत नवरात्रि के अवसर पर बुधवार, 1 अक्टूबर 2025 को जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर कन्या पूजन उत्सव का आयोजन किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का पर्यवेक्षण बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं मुख्य सेविकाओं ने स्वयं किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जनपद के कुल 3930 आंगनबाड़ी केंद्रों पर यह आयोजन एक साथ संपन्न हुआ। इसमें लाभार्थी गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, छह वर्ष तक के बच्चे-बच्चियां एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अनुमानित रूप से लगभग 38 हजार लाभार्थी और अभिभावक इस उत्सव के सहभागी बने। 3 तस्वीरें देखिए… कार्यक्रम के दौरान कन्या पूजन कर शक्ति स्वरूपा कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका सम्मान किया गया। साथ ही उपस्थित अभिभावकों और बच्चों को समाज में बेटियों के महत्व, महिलाओं के सम्मान और लैंगिक समानता का संदेश दिया गया। अधिकारी ने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर कन्या पूजन भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है। यह समाज को महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के संरक्षण का संदेश देती है। इस तरह के आयोजन धार्मिक आस्था को बल प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी बढ़ाते हैं। उत्सव के दौरान लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि महिलाएं और बच्चे इनसे अधिकतम लाभ उठा सकें।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/kDrjYvG