पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर लखनऊ जेल में जानलेवा हमला:गाली देने पर बंदी ने सिर पर लोहे की पटरी मारी, 5 टांके लगे, रेफर

यूपी के पूर्व खनन मंत्री और सपा नेता गायत्री प्रसाद प्रजापति पर लखनऊ जेल में हमला हुआ है। सफाई ड्यूटी कर रहे बंदी ने उन पर लोहे की पटरी से हमला कर दिया। इससे गायत्री प्रजापति के सिर में गंभीर चोट आई है। उनके सिर में 5 टांके लगे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विवाद उस समय हुआ, जब बंदी सफाई कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गाली देने पर बंदी ने प्रजापति पर हमला कर दिया। जेल प्रशासन का कहना है कि मामला गंभीर नहीं है। कैंची से हमले की पुष्टि नहीं हुई है। गायत्री प्रजापति पर हमले के बाद समाजवादी पार्टी ने जेल में पूर्व मंत्री की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने अपने X हैंडल पर लिखा- जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर हमले की खबर चिंताजनक है। लखनऊ जेल प्रशासन पूर्व मंत्री को समुचित इलाज उपलब्ध करवाए। गायत्री प्रजापति ने बंदी को गालियां दीं
जेल सूत्रों के अनुसार, बंदी अपनी सफाई ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान गायत्री प्रजापति से उसका किसी बात पर विवाद हो गया। तभी प्रजापति ने उसे गालियां दी, जिसके बाद झगड़ा बढ़ गया और बंदी ने उन पर हमला कर दिया। गायत्री प्रजापति को जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि उनकी हालत खतरे से बाहर है और चिंता की कोई बात नहीं है। दावा- बंदी ने गायत्री पर कैंची से हमला किया
सूत्रों ने दावा किया कि प्रजापति पर बंदी ने कैंची से हमला किया, लेकिन जेल प्रशासन ने इसे खारिज किया है। अधिकारियों के मुताबिक, झगड़े में चोट जरूर लगी है, लेकिन कैंची से हमला करने की बात सही नहीं है। जेल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बंदी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि हमले के सही कारणों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पूर्व मंत्री पर जेल के अंदर हुए हमले में कौन-कौन शामिल है, किसके इशारे पर हमला हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। खबर अपडेट हो रही है…

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/eyajIvY