लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में मंगलवार रात चोरी की एक अजीब घटना सामने आई। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी के घर में घुसकर टोटियां काट रहे युवक को नौकर ने रंगे हाथ पकड़ लिया। शोर मचाने पर आरोपी भागने लगा लेकिन आसपास के लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गोमतीनगर पुलिस ने बताया कि अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी का विकासखंड स्थित मकान है, जिसकी देखरेख अशरफ करते हैं। अशरफ ने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे उन्हें मकान के अंदर से खटपट की आवाज सुनाई दी। जब वह अंदर पहुंचे तो एक युवक बाथरूम में लगी टोटी काट रहा था। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान बाराबंकी के सतरिख निवासी लवकुश के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि आरोपी के पास से एक बोरी में नौ टोटियां, एक प्लास, बाथरूम में इस्तेमाल होने वाले हैंगर समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। बरामद टोटियों का वजन करीब 30 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply