बाराबंकी जिले के त्रिवेदीगंज क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है, जिससे मौत के कारणों को लेकर विवाद गहरा गया है। यह घटना लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मदरहा गांव की है। सुबह करीब 9 बजे सोनिकपुर निवासी शिव शंकर ट्रैक्टर से ईंट भट्ठे पर खेत समतल करने जा रहे थे। ट्रैक्टर में समतलीकरण यंत्र लगा हुआ था। भट्ठे के पास एक गहरे गड्ढे में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे शिव शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल लखनऊ इलाज के लिए ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिव शंकर पिछले तीन वर्षों से ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। हालांकि, मामले में नया मोड़ तब आया जब ग्रामीणों ने दावा किया कि यह हादसा ट्रैक्टर पलटने से नहीं, बल्कि किसी ट्रक की टक्कर से हुआ है। इसी को लेकर गांव में असमंजस का माहौल बना हुआ है।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply