DniNews.Live

संभल में डीएम-एसपी ने की 5 किमी फुट पेट्रोलिंग:अलविदा जुमा-ईद से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, 872 स्थलों पर नमाज होगी

संभल में आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) डॉ. राजेंद्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण विश्नोई ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। हिंदू नववर्ष, अलविदा जुमा और ईद की पूर्व संध्या पर छह थानों की पुलिस, आरपीएफ और पीएसी के साथ 5 किलोमीटर लंबी फुट पेट्रोलिंग की गई। यह फुट पेट्रोलिंग गुरुवार शाम करीब 6 बजे संभल कोतवाली क्षेत्र की चौधरी सराय पुलिस चौकी से शुरू हुई। इसमें समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के आवास, मनोकामना मंदिर, शाही जामा मस्जिद बनाम श्री हरिहर मंदिर जैसे विवादित धार्मिक स्थलों और मुख्य बाजारों सहित छोटी-बड़ी गलियों को कवर किया गया। दीपा सराय में मुस्लिम समुदाय के लोगों से संवाद कर उन्हें निडर होकर ईद मनाने का संदेश दिया गया। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि भारतीय नववर्ष, चैत्र नवरात्र, अलविदा नमाज और ईद के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फुट पेट्रोलिंग का उद्देश्य आमजन में विश्वास बनाए रखना और अपराधियों को ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति का संदेश देना है। जिले में कुल 872 स्थलों (765 मस्जिदें और 107 ईदगाहें) पर नमाज अदा की जाएगी, जिसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संभल शहर में 6 जोनल और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि प्रत्येक थाना स्तर पर भी एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 1100 से अधिक लोगों को पाबंद किया गया है और 34 पीस कमेटी की बैठकों के माध्यम से संवाद स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त, 26 क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) गठित की गई हैं। नगर पालिका की QRT टीमें भी सफाई संबंधी समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए सक्रिय हैं। ASP कुलदीप सिंह, ASP आलोक भाटी, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार दीपक जुरैल, सीओ असमोली कुलदीप कुमार, पालिका टीओ कार्तिकेय यादव, विद्युत एक्सईएन रघुनाथ, एसडीएम जेपी वार्ष्णेय, इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर उमेश सोलंकी, इंस्पेक्टर संजीव बालियान, थानाध्यक्ष निशांत कुमार राठी आदि अधिकारी मौजूद रहें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *