हरियाणा में कांग्रेस को हार की कसक:एक साल में 3 बड़े बदलाव, पहले प्रभारी की छुट्टी, फिर संगठन बनाया, अब नया प्रदेश अध्यक्ष

हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार के एक साल बाद आखिरकार कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया। चौधरी उदयभान को हटाकर राव नरेंद्र सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा को फिर से विधायक दल का नेता चुना गया। 2024 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पूरी उम्मीद थी कि हरियाणा में उनकी सरकार बनेगी, लेकिन नतीजे विपरीत रहे। भाजपा को 48 और कांग्रेस को 37 सीटें मिलीं। इस एक साल में कांग्रेस 3 बड़े बदलाव कर चुकी है। पहले, इसी साल फरवरी में कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया को हटाकर बीके हरि प्रसाद को प्रभारी नियुक्त किया गया। फिर, दो महीने पहले 11 साल बाद कांग्रेस ने अपने संगठन का ऐलान करते हुए 32 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की। अब सितंबर महीने के आखिरी में राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसकी मुख्य वजह पार्टी को राज्य में मजबूत करना है, ताकि 2029 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कोई कसर न रहे। विधानसभा चुनाव में हार के बाद बाबरिया ने पद छोड़ने की पेशकश की
9 जून 2023 को दीपक बाबरिया को हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। कांग्रेस ने उनके नेतृत्व में 2024 का लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ा। लोकसभा में कांग्रेस 10 में से 5 सीट जीतने में कामयाब रही। जबकि, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का माहौल होने के बावजूद कांग्रेस 37 सीट तक सिमट गई। कांग्रेस की हार के बाद दीपक बाबरिया ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने तक की पेशकश कर दी थी। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि पार्टी किसी और नेता को यह जिम्मेदारी दे दे। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा था कि मैं ज्यादा समय नहीं दे सकता। 15 फरवरी 2025 को कांग्रेस ने दीपक बाबरिया को हटाकर बीके हरि प्रसाद को प्रभारी बना दिया। बीके हरी प्रसाद 2013 में भी हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी रहे चुके हैं। राहुल गांधी के दौरे के बाद 32 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति
विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस का दूसरा बड़ा फैसला 11 साल बाद संगठन बनाने का रहा। इसके लिए 4 जून को राहुल गांधी हरियाणा दौरे पर आए थे। चंडीगढ़ में उन्होंने कांग्रेस की ओर से नियुक्त किए गए AICC और PCC पर्यवेक्षकों से मीटिंग की और संगठन बनाने का टास्क दिया। इसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने सभी 22 जिलों का दौरा किया। नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर उन नामों को शॉर्ट-लिस्ट किया, जिन्होंने जिलाध्यक्ष के लिए आवेदन किया था। 6-6 नेताओं के नाम के पैनल बनाकर प्रदेश प्रभारी को भेजे गए। इसके बाद केसी वेणुगोपाल और बीके हरिप्रसाद ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ वन-टू-वन मीटिंग कर एक-एक पैनल पर चर्चा की और छंटनी के बाद फाइनल पैनल बनाए गए। 12 अगस्त को कांग्रेस ने 32 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की। इनमें 3 नाम वे भी थे, जो 2024 में विधानसभा चुनाव हार गए थे। इनमें अंबाला कैंट से परविंदर परी, भिवानी रूरल से अनिरुद्ध चौधरी और गुरुग्राम रूरल से वर्धन यादव शामिल हैं। परविंदर परी अंबाला कैंट, अनिरुद्ध चौधरी भिवानी की तोशाम सीट और वर्धन यादव गुरुग्राम जिले की बादशाहपुर सीट से चुनाव हार गए थे। तीनों को भाजपा उम्मीदवारों ने हराया था। उदयभान की छुट्‌टी, OBC चेहरे राव नरेंद्र को जिम्मेदारी
विधानसभा चुनाव हारने के बाद तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान पर खूब सवाल उठे। तभी से उन्हें बदलने की चर्चा चलने लगी थी। राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधायक गीता भुक्कल, विधायक अशोक अरोड़ा, अंबाला से सांसद वरुण चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव के नाम की प्रदेश अध्यक्ष के लिए चर्चा हुई। तब कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल ने भी यह कहा था कि प्रदेश अध्यक्ष का बदलना तय है। कांग्रेस में ऊपर से लेकर नीचे तक बदलाव होगा। इसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया। 23 सितंबर को पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह और भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा को 24 सितंबर को बिहार में होने वाले कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग का न्योता मिला। इसमें हैरान करने वाली यह बात थी कि दोनों ही नेता CWC के मेंबर नहीं हैं। तब चर्चा चल पड़ी कि राव नरेंद्र सिंह का नाम प्रदेश अध्यक्ष और भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा का नाम विधायक दल के लिए चुना जाना है। चर्चा है कि दोनों नामों पर मीटिंग में सहमति बनी। इसके बाद 29 सितंबर को कांग्रेस हाईकमान ने दोनों नेताओं के नाम का ऐलान कर दिया। ———————————————— यह खबर भी पढ़ें :- राव नरेंद्र हरियाणा कांग्रेस के नए अध्यक्ष:हाईकमान ने उदयभान को हटाया; भूपेंद्र हुड्‌डा को फिर नेता प्रतिपक्ष बनाया हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से चौधरी उदयभान की छुट्‌टी कर दी गई है। उनकी जगह पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा को फिर विधायक दल का नेता बनाया गया है। पढ़ें पूरी खबर…

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/EKyjxg9