हरदोई के राघोपुर चौराहे पर एक दुकान में तोड़फोड़ और नकदी लूट के आरोप में न्यायालय के आदेश पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें नेवादा गांव के प्रधान पति भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम नेवादा निवासी सुधा देवी ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 10 अक्टूबर 2023 को उप निबंधक कार्यालय बिलग्राम से 20 लाख रुपये में यह दुकान खरीदी थी। खरीद के बाद से दुकान पर उनका कब्जा था और उनके परिवार के सदस्य इसका संचालन कर रहे थे। सुधा देवी के अनुसार, 10 सितंबर 2025 की सुबह करीब आठ बजे नेवादा गांव के रमाकांत, अमोल तिवारी, उनकी पत्नी, योगेश पांडे, प्रधान पति दुर्गेश अवस्थी, देवेंद्र पांडे, शोभित, नंदी दीक्षित और राघोपुर निवासी संजय चौरसिया समेत कुछ अन्य लोग दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान बाहर फेंक दिया। विरोध करने पर उनकी बहू शिखा रानी और बेटों अंकुश व सुधांशु के साथ अभद्रता की गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने दुकान में रखी कोल्ड ड्रिंक और अन्य सामान नष्ट कर दिया, साथ ही लगभग पांच हजार रुपये नकद लूट लिए। इस घटना में करीब दो लाख रुपये के नुकसान का दावा किया गया है। ग्रामीणों के शोर सुनकर पहुंचने पर आरोपित जानमाल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं, प्रधान पति दुर्गेश अवस्थी ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। कोतवाल शिवाकांत पांडे ने जानकारी दी कि न्यायालय के आदेश पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply