PK बोले-सम्राट चौधरी 6 लोगों की हत्या के अभियुक्त:डिप्टी CM की गिरफ्तारी हो; मंत्री अशोक चौधरी से पूछा- 100 करोड़ की प्रॉपर्टी कैसे खरीदी
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पटना में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और मंत्री अशोक चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, ‘सम्राट चौधरी 6 लोगों की हत्या के अभियुक्त हैं। बिहार के राज्यपाल, बिहार सरकार और केंद्र सरकार से मेरा अनुरोध है कि ये हत्या के आरोपी हैं। इनको पद से हटा कर गिरफ्तार किया जाए।’ पीके ने कहा कि, ‘तारापुर केस नंबर 44/1995 इनके खिलाफ है। सुप्रीम कोर्ट का डॉक्यूमेंट है, जो सम्राट चौधरी ने दिया है। नाबालिग होने के नाम पर इनको जेल से निकाला गया था। इनका जो इलेक्शन डॉक्यूमेंट है, जो उन्होंने 2020 में दिया है। उसके अनुसार इनकी उस समय उम्र 26 साल होनी चाहिए।’ ‘सम्राट चौधरी की गिरफ्तारी होनी चाहिए वरना बिहार में जितने लोग हत्या के अभियुक्त हैं, उनको भी जेल से रिहा कीजिए। अगर पुलिस अरेस्ट नहीं करती है, तो हमलोग कोर्ट जाएंगे।’ अशोक चौधरी बताएं 100 करोड़ की प्रॉपर्टी कैसे खरीदी प्रशांत किशोर ने ग्रामीण निर्माण मंत्री अशोक चौधरी की प्रॉपर्टी और उनके 100 करोड़ की नोटिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘अशोक चौधरी की बेटी शांभवी चौधरी की शादी के बाद 100 करोड़ की प्रॉपर्टी न्यास बोर्ड की और से खरीदी गई है।’ ‘वैभव विकास ट्रस्ट से पिछले 1 साल में 100 करोड़ की प्रॉपर्टी कैसे खरीदी गई है।’ ‘जियालाल आर्य, अनीता कुणाल, किशोर कुणाल की पत्नी, प्रत्यय अमृत की सासू मां। ये तीनों बताएं कि, 100 करोड़ की प्रॉपर्टी कहां से खरीदी। प्रॉपर्टी में इन तीनों का नाम है।’ 3 साल में फीस के 241 करोड़ जमा किए प्रशांत किशोर ने पार्टी जनसुराज की फंडिंग को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ‘पार्टी की फंडिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि प्रशांत किशोर पैसा कहां से लाते हैं। हमारे पास लक्ष्मी हमारी सरस्वती के कारण आती है। जिनकी मदद की, उन्होंने हमें फीस दी।’ उन्होंने कहा, ‘3 साल में मैंने अपनी फीस के 241 करोड़ रुपए जमा किए। इस रकम पर 30 करोड़ 95 लाख जीएसटी भी दी है। 20 लाख रुपए इनकम टैक्स भरे।’ पूरा बिहार जानता है राजद चोर है तेजस्वी यादव भी भ्रष्टाचारी नेताओं की सूची बना रहे हैं, इसपर पीके ने कहा, ‘इसमें तो सबसे पहले उनको अपने मामा का नाम लिखना पड़ेगा। उसके बाद अपने माता पिता का नाम लिखना होगा। कितने लोगों की जमीन ले ली, उनके माता पिता ने। RJD तो जाने हुए चोर हैं। पूरा बिहार जनता है। राजद चोर है। इसलिए हम इनपर कुछ नहीं बोलते हैं।’ अब प्रशांत किशोर के मंत्री-विधायक पर पहले लगाए गए आरोप जानिए…. शांभवी की सगाई से शादी तक 200 करोड़ की जमीन खरीदी PK ने आरोप लगाया था कि, ‘शांभवी चौधरी की सगाई के बाद ससुर स्व. किशोर कुणाल से जुड़े मानव वैभव विकास ट्रस्ट से करीब 200 करोड़ की जमीन की खरीद हुई। सगाई से लेकर शादी तक सिर्फ 2 साल में 38.44 करोड़ की 5 जमीनें खरीदी गईं। ट्रस्ट से जुड़े कई प्रभावशाली नाम, जैसे अनीता (किशोर कुणाल की पत्नी), पूर्व ब्यूरोक्रेट जियालाल आर्या और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की माता, इस लेन-देन में शामिल रहे।’ प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया था- ‘अशोक चौधरी और उनकी पत्नी के अकाउंट में इस ट्रस्ट से जुड़े लोगों के खातों से पैसे क्यों आए। प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी के लिए क्या-क्या कहा था ? दरअसल, प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी को बिहार का भ्रष्टतम नेता बताया था। जमीन खरीद-फरोख्त और बेनामी संपत्ति मामलों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया था कि 2019 में चौधरी के पर्सनल सेक्रेटरी योगेंद्र दत्त के नाम पटना के बिक्रम में 23 कट्ठा जमीन खरीदी गई। इसके बाद 2021 में यह जमीन सिर्फ 34 लाख रुपए में चौधरी की बेटी सांसद शांभवी चौधरी के नाम कर दी गई, जबकि वास्तविक भुगतान का बड़ा हिस्सा संदिग्ध तरीके से निपटाया गया। पीके ने आरोप लगाया कि इनकम टैक्स नोटिस आने के बाद 27 अप्रैल 2025 को इस लेनदेन को छुपाने के लिए 25 लाख रुपए का ट्रांसफर किया। सम्राट चौधरी से कहा- मैट्रिक का सर्टिफिकेट जारी करें प्रशांत किशोर ने कहा कि सम्राट चौधरी नाम बदलने में मास्टर आदमी हैं। वे कांग्रेस नेता सदानंद सिंह को बम मारकर हत्या करने के केस में आरोपी हैं। नकली आयु प्रमाण पत्र बनाकर खुद को नाबालिग घोषित कर 6 माह में जेल से आ गए। इनका पहले नाम राकेश कुमार था, जो बाद में राकेश कुमार उर्फ सम्राट चौधरी हो गया। बिहार बोर्ड के मुताबिक, मैट्रिक में वे फेल हो गए थे। 2010 में खुद को 7वीं पास बताया था। वे बताएं कि कब मैट्रिक किया? मंगल पांडेय पर आरोप- पत्नी के खाते में 2.12 करोड़ रुपए कहां से आए मंगल पांडेय, नीतीश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं। 19 सितंबर को प्रशांत किशोर ने दावा किया कि मंगल पांडेय की पत्नी उर्मिला पांडेय के पंजाब नेशनल बैंक के अकाउंट में 2019 और 2020 में 2.12 करोड़ रुपए जमा हुए। प्रशांत किशोर ने पूछा कि मंगल पांडेय की पत्नी के अकाउंट में पैसा कहां से आया और इस पैसे को घोषित क्यों नहीं किया? इससे पहले 8 अगस्त को प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया था कि जब 2020 में पूरा बिहार कोविड-19 महामारी से जूझ रहा था तब मंगल पांडेय ने दिल्ली में 86 लाख में फ्लैट खरीदा।फ्लैट खरीदने में दिलीप जायसवाल ने मदद की। पैसा लेते ही मंगल पांडे ने दिलीप जायसवाल के कॉलेज को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा दे दिया। संजय जायसवाल पर फर्जी बिल बनाकर पेट्रोल चोरी का आरोप भाजपा सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल पर प्रशांत किशोर ने तेल चोरी के अपने पुराने आरोप को 19 सिंतबर को भी दोहराया। PK ने कहा कि बेतिया मेयर गरिमा देवी ने 14 अगस्त, 2024 को स्थायी समिति की बैठक में नगर आयुक्त को चिट्ठी लिखी थी। इसमें छावनी स्थित पेट्रोल पंप के पेमेंट को रोकने का निर्देश दिया था। आरोप था कि तेल से ज्यादा बिल दिया गया। इससे पहले 13 सितंबर को आरा में प्रशांत ने आरोप लगाया था कि संजय जायसवाल तेल चोर हैं। वो पेट्रोल चोरी करते हैं। अपने फायदे के लिए 10 साल तक फ्लाईओवर नहीं बनने दिए। यह बात बेतिया की जनता कह रही है। इस पर संजय जायसवाल ने PK को नोटिस भेजा है। दिलीप जायसवाल पर मेडिकल कॉलेज हड़पने का आरोप दिलीप जायसवाल बिहार भाजपा अध्यक्ष हैं। 6 जुलाई को पटना में प्रशांत ने आरोप लगाया था कि दिलीप जायसवाल ने पिछले 25 साल से किशनगंज में एक मेडिकल कॉलेज पर अवैध कब्जा कर रखा है। यह सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि बिहार में कानून व्यवस्था और राजनीतिक गठजोड़ का मामला है। इस पर दिलीप जायसवाल ने PK को नोटिस भेजा है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/fArajpG
Leave a Reply