![]()
CSJMU का म्यूजिक डिपार्टमेंट साउंड रिकार्डिंग में देगा सर्टिफिकेट:बैचलर में जुड़े वायलिन और सितार, एडमिशन शुरु, कराएं रजिस्ट्रेशन
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के म्यूजिक डिपार्टमेंट में न्यू एकेडमिक सेशन 2026–27 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार डिपार्टमेंट ने ट्रेडिशनल कोर्स के साथ नए कोर्स शुरू कर स्टूडेंट्स को कुछ नए अवसर दिए हैं। इस सेशन से साउंड रिकॉर्डिंग एवं इंजीनियरिंग में एक वर्षीय सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम भी शुरू किया है। इस कोर्स में केवल 10 सीटें निर्धारित की गई हैं। पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को आधुनिक ऑडियो उपकरणों एवं डिजिटल सॉफ्टवेयर के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसकी वार्षिक फीस 15,200 रुपये निर्धारित की गई है। सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक छात्रों को विवि की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा। यूजी की फीस 16000 रुपए यूजी लेवल पर बीपीए (बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स) के अंतर्गत तबला वादन, गायन, कथक एवं थिएटर के साथ-साथ अब वायलिन और सितार विषय भी जोड़े गए हैं। वायलिन एवं सितार में 10-10 सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि अन्य विषयों में 20 से 25 सीटें उपलब्ध हैं। यह तीन वर्षीय पाठ्यक्रम है, जिसकी वार्षिक फीस लगभग 16 हजार रुपये के आसपास निर्धारित है। पीजी में एमए व एमपीए कोर्स पीजी स्तर पर एमए एवं एमपीए कार्यक्रमों में तबला, गायन, सितार एवं कथक विषयों में प्रवेश दिया जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों की अवधि दो वर्ष है तथा फीस लगभग 10 हजार से 13 हजार रुपये प्रतिवर्ष के बीच है। इन पाठ्यक्रमों को पूरा करने के बाद विद्यार्थियों के लिए शिक्षण, मंचीय प्रस्तुति, स्टूडियो कार्य, फिल्म एवं डिजिटल मीडिया, आकाशवाणी और दूरदर्शन जैसे क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध होंगे। आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण को भी जोड़ा एचओडी डॉ. रश्मि गोरे ने बताया कि विभाग पारंपरिक संगीत शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण को भी जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नए पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को बदलते मीडिया और संगीत उद्योग के अनुरूप तैयार करेंगे। प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी सीएसजेएमयू के संगीत विभाग, स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स, से संपर्क कर सकते हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply