तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर:15 फीट की दीवार तोड़ी, किशोर दोस्तों के साथ भर रहा था फर्राटा
![]()
तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर:15 फीट की दीवार तोड़ी, किशोर दोस्तों के साथ भर रहा था फर्राटा
लखनऊ में पुरानी जेल रोड पर सहायक पुलिस आयुक्त कैंट ऑफिस के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक सड़क पर घिसट गया और घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो कार किशोर चला रहा था। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह अनियंत्रित होकर ईको गार्डन की फुटपाथ पर बनी बाउंड्री वॉल में घुस गई। राहगीरों ने घायल युवक को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज चल रहा है। घटना के बाद चालक सहित कार सवार फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काले रंग की वरना कार बंगला बाजार चौराहे की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। कार में चार किशोर सवार थे। कार के शीशों पर काली फिल्म लगी थी और आगे-पीछे नंबर प्लेट भी नहीं थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के सभी एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जिससे कुछ देर के लिए जाम की स्तिथि बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को हटाकर रास्ता साफ कराया।
आलमबाग इंस्पेक्टर राम बाबू सिंह ने बताया कि घायल को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया था। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस कार के चेसिस नंबर के आधार पर मालिक और चालक की तलाश कर रही है। गाड़ी पुलिस के कब्जे में है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
