संभल में सड़क किनारे खड़ी कार आग लगी:40 मिनट में दमकल ने आग पर पाया काबू, मालिक की तलाश जारी
![]()
संभल में सड़क किनारे खड़ी कार आग लगी:40 मिनट में दमकल ने आग पर पाया काबू, मालिक की तलाश जारी
संभल में सड़क किनारे खड़ी एक दिल्ली नंबर की कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। कार से उठती आग की लपटों को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना स्थल के ऊपर से 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी, जिससे खतरा और बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने निजी संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। बाद में दमकल विभाग ने 40 मिनट में आग पर काबू पाया। यह घटना संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के चंदौसी चौराहे के पास हुई। सड़क किनारे खड़ी दिल्ली नंबर DL 10CB 4333 कार में सोमवार शाम करीब 7:20 बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग दूर खड़े होकर देख रहे थे। घटना के बाद मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया और सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। दमकल विभाग की टीम 7:40 बजे मौके पर पहुंची और 40 मिनट की मशक्कत के बाद रात 8:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, कार किसकी थी, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। सभासद हाजी पप्पू ने बताया कि सड़क किनारे खड़ी कार में आग लगने की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि भीषण आग के कारण लोग कार के पास जाने से डर रहे थे। दमकल विभाग की टीम समय पर पहुंची और उनकी त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। क्राइम इंस्पेक्टर नरेश पाल कुमार ने पुष्टि की कि पुलिस को सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। पुलिस अब कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
