आप सांसद संजय सिंह के आचार संहिता मामले की सुनवाई:सुल्तानपुर कोर्ट में हुई जिरह, अगली तारीख 20 अप्रैल को
![]()
आप सांसद संजय सिंह के आचार संहिता मामले की सुनवाई:सुल्तानपुर कोर्ट में हुई जिरह, अगली तारीख 20 अप्रैल को
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह से जुड़े आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में सोमवार को सुल्तानपुर की एमपी/एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान जांच अधिकारी से जिरह की गई, जबकि अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 20 अप्रैल की तारीख तय कर दी। मामला सुल्तानपुर के बंधुआकलां क्षेत्र से जुड़ा है, जहां पंचायत चुनाव के दौरान आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगा था। अधिवक्ता मदन सिंह के अनुसार, सुनवाई के दौरान विवेचक अनूप कुमार से जिरह की गई। उनकी मुख्य परीक्षा पहले ही पूरी हो चुकी थी। गवाह न आने से पहले भी टली थी सुनवाई इससे पहले 19 मार्च को गवाहों की अनुपस्थिति के चलते सुनवाई टाल दी गई थी। वहीं 27 फरवरी को एफआईआर लेखक अजीत कुमार ने अदालत में बयान दर्ज कराया था, जिस पर बचाव पक्ष ने जिरह की थी। 2021 पंचायत चुनाव से जुड़ा मामला यह मामला 13 अप्रैल 2021 का है। आरोप है कि पंचायत चुनाव के दौरान हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति सभा आयोजित की गई थी। पुलिस ने इस मामले में संजय सिंह समेत 12 नामजद और 45 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के बाद 11 लोगों को आरोपी बनाया गया। पहले मिल चुकी है जमानत इस मामले में अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है। संजय सिंह के लगातार अनुपस्थित रहने पर कोर्ट ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। बाद में जुलाई 2024 में उन्होंने आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें जमानत दे दी गई। इससे पहले विशेष अदालत आरोपियों की डिस्चार्ज अर्जी खारिज कर चुकी है और उनके खिलाफ आरोप तय किए जा चुके हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
