कानपुर स्टेशन पर बिछड़ा 14 वर्षीय किशोर:लखनऊ से शादी में आया था परिवार, GRP ने 40 मिनट में तलाशा
![]()
कानपुर स्टेशन पर बिछड़ा 14 वर्षीय किशोर:लखनऊ से शादी में आया था परिवार, GRP ने 40 मिनट में तलाशा
कानपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर अपने परिवार से बिछड़े 14 वर्षीय किशोर सोनू को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने 40 मिनट के भीतर सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। सोनू अपने भाई-बहन के साथ लखनऊ से कानपुर एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर प्रवीण और शिवानी नामक भाई-बहन ने स्टेशन आकर अपने छोटे भाई सोनू के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी की दो टीमें स्टेशन परिसर में तलाशी के लिए भेजी गईं। तलाशी के दौरान प्लेटफार्म 2/3 पर एक किशोर डरा सहमा खड़ा मिला। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह अपने भाई और बहन के साथ कानपुर रिश्तेदारी में आया है। इसके बाद उसे जीआरपी स्टेशन लाया गया, जहां उसके भाई-बहन ने उसकी पहचान की। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद किशोर को परिवार को सौंप दिया गया। लखनऊ निवासी प्रवीण और शिवानी कुमारी ने बताया कि उनका परिवार पहले ही कानपुर पहुंच चुका था। सोनू सोमवार को स्कूल खत्म होने के बाद ट्रेन से कानपुर आया था। प्लेटफार्म पर उतरते समय सोनू खेलते-खेलते अचानक गुम हो गया। काफी देर तक स्टेशन परिसर में खोजने के बाद उन्होंने जीआरपी को सूचना दी। परिजनों ने जीआरपी की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। जीआरपी अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान बच्चों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
