लोजपा (रामविलास) यूपी में सभी 403 सीटों पर लड़ेगी चुनाव:प्रदेश अध्यक्ष का दावा, 2027 में सत्ता की चाबी हमारे पास होगी
![]()
लोजपा (रामविलास) यूपी में सभी 403 सीटों पर लड़ेगी चुनाव:प्रदेश अध्यक्ष का दावा, 2027 में सत्ता की चाबी हमारे पास होगी
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने घोषणा की है कि वह प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। यह जानकारी पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने प्रयागराज में एक सदस्यता अभियान के दौरान मीडिया से बातचीत में दी। राजीव पासवान ने स्पष्ट किया कि केंद्र में उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन में है, लेकिन उत्तर प्रदेश में किसी भी दल के साथ कोई गठबंधन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी “यूपी फर्स्ट, यूपी वाले फर्स्ट” के मिशन के साथ मैदान में उतरेगी और पूरी मजबूती से चुनाव की तैयारी कर रही है।
पासवान ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के हाथ में सत्ता की चाबी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अपने संस्थापक रामविलास पासवान के कार्यों और विचारों को जनता तक पहुंचा रही है, जिससे उन्हें अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है। इस दौरान राजीव पासवान ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नाम पर वंचित समाज को गुमराह कर रहे हैं। पासवान ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर ही अखिलेश यादव को कांशीराम और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की याद आती है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। पासवान ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी आज कांशीराम को भारत रत्न देने की बात कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस सरकार में रहते हुए ऐसा क्यों नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर को दो बार लोकसभा चुनाव में हराया था। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के इस ऐलान से उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
