ध्वजारोहण के साथ मेरठ में मना भाजपा का स्थापना दिवस:पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बोले- पार्टी की नीतियों को वैश्विक स्तर पर मिल रही स्वीकार्यता
![]()
ध्वजारोहण के साथ मेरठ में मना भाजपा का स्थापना दिवस:पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बोले- पार्टी की नीतियों को वैश्विक स्तर पर मिल रही स्वीकार्यता
मेरठ में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर हरमन सिटी स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका शुभारंभ निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने ध्वजारोहण के साथ करते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया।
महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने प्रस्तावना रखते हुए स्थापना दिवस को कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनसंघ कालीन उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का अवसर भी है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में संगठन को मजबूत किया।
ध्वजारोहण के बाद आयोजित विचार गोष्ठी में भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि एक समय भाजपा केवल विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चुनाव लड़ती थी, लेकिन आज पार्टी की नीतियों को वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता मिल रही है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश आज आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर विकास और स्थिरता का प्रतीक बना है।
प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि पार्टी दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रही है।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष हरवीर पाल ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस दौरान जनसंघ कालीन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महापौर हरिकांत आहलूवालिया, ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेन्द्र तोमर, विधायक अमित अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
